डीसी ने बैठक में दिए अधिकारियों को निर्देश:कोरोना की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए पुख्ता प्रबंध किए जाएं, तैयारियों में कोई कमी न रहे
डीसी ने बैठक में दिए अधिकारियों को निर्देश:कोरोना की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए पुख्ता प्रबंध किए जाएं, तैयारियों में कोई कमी न रहे
जिले में कोरोना की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए तैयारियों में कोई कमी न हो। इसके लिए पुख्ता प्रबंध किए जाए। इसके अलावा कोरोना से बचाव के लिए हर व्यक्ति को वैक्सीनेशन लगना सुनिश्चित किया जाए। यह निर्देश डीसी जितेंद्र यादव ने दिए। उन्होंने कहा कि हम अभी कोरोना महामारी के दौर से निकले नहीं हैं। ऐसे में संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए हमें अपनी हर संभव मजबूत तैयारी रखनी है। डीसी शुक्रवार को अपने कार्यालय में प्रशासनिक और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ कोरोना संक्रमण के बचाव के लिए किए गए प्रबंधों की समीक्षा कर रहे थे।
कोरोना की तीसरी लहर के मद्देनजर पूरी सतर्कता के साथ कार्य करें
उन्होंने कहा सरकार की ओर से जारी हिदायतों के अनुसार कोरोना वायरस से बचाव के लिए जिले में प्रशासनिक व हेल्थ विभाग के अधिकारियों को आपसी तालमेल बनाकर बेहतर तरीके से कार्य करना है। कोरोना की संभावित तीसरी लहर के मद्देनजर हमें पूरी सतर्कता के साथ कार्य करना होगा। ताकि जिससे जिले में कोरोना की तीसरी लहर को हम पूर्णत: काबू कर सकें। डीसी ने एक-एक कर सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों में कोरोना संक्रमण के बचाव के लिए किए गए प्रबंधों और लोगों के उपचार के लिए की गई बेडों की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा सभी सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों में कोरोना संक्रमण के लोगों के लिए अलग से बेड और वार्ड बनाए जाएं। वहां पूरा स्टाफ सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा वेंटिलेटर बेड और ऑक्सीजन बेड्स के बारे में चर्चा कर समीक्षा की।
सीएमओ डॉ. विनय गुप्ता ने बताया कि जिला अस्पताल बीके में 200 बेड तैयार हैं। 1000 बेड बनाए जा रहे हैं। इसी प्रकार ईएसआई में 400 बेड हैं। इसके अलावा अटल बिहारी वाजपेयी अस्पताल छांयसा में 1250 बेड बनाए गए हैं। उन्होंने कहा प्राइवेट अस्पतालों में एशियन अस्पताल, संतोष अस्पताल, मेट्रो अस्पताल सहित अन्य प्राइवेट अस्पतालों में भी कोविड संक्रमण के उपचार के लिए पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा जिले के निजी अस्पतालों में 50 बेड की व्यवस्था है। उनमें अलग से कोरोना वायरस के संक्रमण के बेडों की व्यवस्था के लिए दिशा निर्देश दिए गए हैं।
जिन निजी अस्पतालों में 50 बेड हैं वहां ऑक्सीजन प्लांट लगाया जाए
उन्होंने कहा सरकार की ओर से जारी हिदायतों के अनुसार जिस प्राइवेट अस्पताल में 50 बेड की व्यवस्था है, उसे अपने अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगाना भी सुनिश्चित करना है। इसके लिए प्राइवेट अस्पतालों के साथ लगातार बातचीत चल रही है। उनके प्लांटों का निरीक्षण भी किया जा रहा है। बैठक में एसडीएम परमजीत चहल, डीआरओ विजय यादव, सीएमओ डाॅ, विनय गुप्ता, एसएमओ कम कोरोना नोडल अधिकारी डॉ. रामभगत, वैक्सीनेशन नोडल अधिकारी डॉ. राजेश श्योकंद, सीएमजीजीए करन कपूर, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी अनीता शर्मा सहित अन्य चिकित्सा अधिकारी व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

Comments
Post a Comment